बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी शीला
नई दिल्ली, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस को दिल्ली विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार रिकार्ड जीत दिलाने वाली शीला दीक्षित बुधवार को यहां मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। यह जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी।
दीक्षित के एक सहयोगी ने आईएएनएस को बताया कि 71 वर्षीय दीक्षित को उनके छह मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ दिल्ली के उपराज्यपाल तेजिंदर खन्ना पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
दीक्षित रिकार्ड तीसरी बार दिल्ली की मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगी। वे पहली बार 1998 और दूसरी बार 2003 में मुख्यमंत्री पद पर आसीन हुई थीं।
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह सोमवार की जगह बुधवार को होगा। यह विलंब कैबिनेट के सदस्यों की सूची को अंतिम रूप देने में हो रही देरी के कारण हो रहा है। दीक्षित ने इस मसले पर गुरुवार को कांग्रेस आला कमान से विचार-विमर्श भी किया।
कांग्रेस को 69 सीटों पर हुए इस विधानसभा चुनाव में 42 सीटों पर कामयाबी मिली है। भारतीय जनता पार्टी को 23, बहुजन समाज पार्टी को दो जबकि लोक जनशक्ति पार्टी को एक सीट मिली थी। दिल्ली विधानसभा की एक सीट के लिए मतदान होना अभी बाकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।