दिवंगत सांसदों को श्रद्धांजलि के बाद स्थगित हुई दोनों सदन की कार्यवाही (लीड-1)
दोनों ही सदनों के सदस्यों ने दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देते हुए एक मिनट का मौन रखा। पूर्व प्रधानमंत्री वी. पी. सिंह का पिछले माह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था जबकि मुजफ्फरनगर से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद मुनव्वर हसन का बुधवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।
पूर्व सांसद तैयब हुसैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजीत पांजा को भी लोकसभा में याद किया गया। इसके साथ ही पिछले दिनों मुंबई हमले में मारे गए लोगों व शहीद पुलिसकर्मियों को भी सदस्यों ने श्रद्धांजलि दी।
लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने कहा, "वी. पी. सिंह के निधन के साथ ही देश के राजनीतिक इतिहास का एक अध्याय समाप्त हो गया। उनके निधन से देश ने गरीबों और कमजोर वर्गो का एक सच्चा मित्र खो दिया।" चटर्जी ने स्वर्गीय सिंह को एक ऐसा राजनेता बताया जिसने धर्मनिरपेक्षता और जातिविहीन समाज की लड़ाई लड़ी।
चटर्जी ने मुनव्वर हसन को सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाला सामाजिक कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा, "हसन ने गरीबों व समाज के पिछड़े लोगों की आवाज बुलंद की।"
मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के बारे में चटर्जी ने कहा, "देश में हो रहे आतंकवादी हमले मानवता के लिए अपराध हैं। हमले में मारे गए लोगों व शहीद हुए पुलिसकर्मियों के प्रति हम अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।"
दिवंगत पूर्व सांसद तैयब हुसैन के बारे में चटर्जी ने कहा, "वे दो बार लोकसभा के सदस्य रहे। उन्होंने अल्पसंख्यकों के सामाजिक व शैक्षणिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।"
उन्होंने पूर्व विदेश राज्य मंत्री अजीत पांजा को एक कुशल प्रशासक और समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता करार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।