भारत को दी जा सकती है लखवी व अजहर से पूछताछ की इजाजत : मुख्तार
भारतीय सीमा की ओर पाकिस्तानी फौजों के प्रस्थान की खबरों को खारिज करते हुए मुख्तार ने कहा कि पाकिस्तान हर संभव तरीके से भारत की मदद करेगा। उन्होंने मुंबई हमले में संयुक्त जांच का फिर राग अलापा।
इन संदिग्ध आतंकवादी सरगनाओं की गिरफ्तारी पर पाकिस्तान सरकार की पहली टिप्पणी के रूप में मुख्तार ने सीएनएन-आईबीएन के साथ फोन पर बातचीत में बताया "लखवी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। अजहर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।''
ज्ञात हो कि लखवी को 26 नवंबर के मुंबई हमले का एक मुख्य षड़यंत्रकारी माना गया है। अजहर वर्ष 2001 में 13 दिसंबर को संसद पर किए गए हमले में कथित रूप से वांछित है।
मुख्तार ने कहा, "हमारी विश्वसनीयता पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। हमने इस बात को लेकर पूरी चर्चा की है कि आतंकवाद से लड़ने में अपने पड़ोसी की हम किस तरह मदद कर सकते हैं।''
मुख्तार ने कहा, "हम हर संभव तरीके से भारत की मदद को तैयार हैं। संयुक्त जांच मुंबई हमले का पर्दाफाश करने में मददगार होगी।''
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*