विस परिणाम मप्र : शिवराज को बढ़त, उमा मुश्किल में (लीड-1)
मध्यप्रदेश में अब तक भाजपा ने 126 सीटों पर बढ़त बना रखी है जबकि कांग्रेस 72 स्थानों पर आगे चल रही है। स्पष्ट जीत की संभावना के बाद भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर जश्न का माहौल है। वहां आतिशबाजी की जा रही है और मिठाइयों के दौर चल रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 10,500 से अधिक मतों की बढ़त बनाए हुए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी जबलपुर छावनी क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 12,000 से अधिक मतों से आगे हैं। विदिशा के सिरोंज विधानसभा क्षेत्र से जनसंपर्क मंत्री लक्ष्मीकान्त शर्मा, भोपाल की गोविन्दपुरा सीट से बाबूलाल गौर, ग्वालियर पूर्व से अनूप मिश्रा, जबलपुर पश्चिम से हरेन्द्र जीत सिंह, सागर की रहली सीट से गोपाल भार्गव, जबलपुर के पाटन विधान सभा क्षेत्र से अजय विश्नोई अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवार से आगे चल रहे है।
भाजश नेता उमा भारती टीकमगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से लगभग 4,000 मतों से पीछे चल रही हैं। इसी तरह कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष यादव खरगोन की कसरावद सीट से, विधानसभा में प्रतिपक्ष की नेता जमुना देवी धार जिले की कुक्षी विधानसभा सीट से और मंत्री हिम्मत कोठारी, अखंड प्रताप सिंह यादव व निर्मला भूरिया अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
*