'मुंबई हमलों के बाद अमेरिका-भारत, पाक-चीन गठबंधन मजबूत होने के आसार'
काठमांडू, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल में सत्तारूढ़ माओवादी पार्टी ने मुंबई हमलों के बाद दक्षिण एशिया में तनाव बढ़ने की चेतावनी देते हुए कहा है कि इससे अमेरिका-भारत और पाकिस्तान-चीन का गठबंधन मजबूत हो सकता है।
पार्टी के पाक्षिक अखबार 'रेड स्टार' ने लिखा है कि मुंबई हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ गया है और एक बार फिर दक्षिण एशिया विश्व राजनीति का सबसे प्रमुख स्थान बन गया है।
माओवादी अखबार के अनुसार अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस की यात्रा से भारत और पाकिस्तान के बीच दरार बढ़ी है। चीन के पाकिस्तान के साथ मधुर संबंध हैं और वह कई मामलों में उसके लिए मददगार है।
भारतीय सुरक्षा बलों की गंभीर लापरवाही को मुंबई हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए अखबार का कहना है इससे अमेरिका को दक्षिण एशिया में बने रहने का बहाना मिल गया है।
माओवादी अखबार का मानना है कि दक्षिण एशिया में अमेरिकी उपस्थिति से भारत-पाक संबंध और खराब होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।