राहुल ने युवाओं को पार्टी से जोड़ा:कांग्रेस
नई दिल्ली, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। पांच में से तीन राज्यों में जीत की ओर बढ़ रही कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का मानना है कि राहुल गांधी ने संगठन में नई जान फूंकने के साथ ही युवाओं को भी पार्टी की ओर आकर्षित किया।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने आईएएनएस से कहा, "जहां भी राहुल गांधी प्रचार के लिए गए, वहां उन्होंने युवा पीढ़ी को आकर्षित किया। देश के युवाओं के बीच उनकी एक अपील है।"
शकील ने कहा कि पार्टी में वे युवा नेताओं का समर्थन करते हैं। इस चुनाव में स्थानीय मुद्दों और प्रत्याशी चयन के साथ ही राहुल के प्रचार ने भी प्रभाव डाला है।
कांग्रेस की एक अन्य प्रवक्ता जयंती नटराजन ने भी कहा कि निश्चित ही राहुल ने एक प्रभाव डाला। उन्होंने एक नया संदेश दिया। उन्होंने युवा पीढ़ी को जोड़ा।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर के उधमपुर और नक्सलवाद प्रभावित बस्तर में प्रचार किया। गांववालों के साथ एकजुटता दिखाते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार की सबसे प्रमुख राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना के तहत एक तालाब की खुदाई में मिट्टी भी ढोई।
इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिह ने कहा कि एक नेता के रूप में राहुल गांधी परिपक्व हो गए हैं और अब पार्टी उनसे लाभ उठा सकती है।
अपने पूरे प्रचार अभियान के दौरान कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से डेवलपमेंट इकोनामिक्स में एम.फिल राहुल गांधी नागरिकों से विकास के नाम पर वोट देने की अपील करते रहे।
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि राहुल ने पार्टी के लिए कड़ा परिश्रम किया। इससे निश्चित ही पार्टी को लाभ मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।