विस परिणाम : दिल्ली में जीत का सारा श्रेय दीक्षित को
पार्टी सहयोगियों से लेकर समीक्षकों तक ने शीला दीक्षित को इस जीत का श्रेय दिया है।
लेकिन जीत से प्रसन्न दीक्षित कांग्रेस की जीत का सारा श्रेय दिल्ली की जनता को दे रही हैं।
अपने आवास पर उन्होंने संवाददाताओं को बताया, "पार्टी के प्रति लगाव व विश्वास जताने के लिए मैं दिल्ली की जनता को दिल से धन्यवाद देती हूं। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हम और मेहनत से काम करेंगे।''
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी स्वीकार किया कि 70 वर्षीय दीक्षित ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार विजय कुमार मल्होत्रा पर अपनी जीत दर्ज की है।
चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने सबसे पहले दीक्षित के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी। सिंह ने कहा, "मेरी जानकारी में यह पहला अवसर है, जब कोई मुख्यमंत्री तीसरी बार लगातार सत्ता में लौटा हो।''
चुनाव आयोग के मुताबिक कांग्रेस ने कुल वैध मतों का 44.5 प्रतिशत हासिल किया है। दूसरे नंबर पर आई भाजपा को 38.8 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं। बहुजन समाज पार्टी(बसपा) को 12 प्रतिशत वोट मिले हैं।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने स्वीकार किया, "दिल्ली का परिणाम निराशाजनक व हतप्रभ करने वाला है।''
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने राजधानी में पार्टी की हार के लिए गलत उम्मीदवारों के चयन को जिम्मेदार बताया। लेकिन उन्होंने मल्होत्रा का बचाव करते हुए कहा कि वे बहुत वरिष्ठ नेता हैं।
भाजपा के दिल्ली प्रभारी अरुण जेटली ने दिल्ली में कांग्रेस की जीत का सारा श्रेय शीला दीक्षित को दिया। जेटली ने कहा, "यह उनकी निजी जीत है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।''
राजनीतिक विश्लेषक जी.वी.एल. नरसिम्हा राव ने भी दिल्ली में कांग्रेस की जीत का मुख्य श्रेय दीक्षित को दिया है।
इडो-एशियन न्यूज सर्विस।
जीवनसंगी की तलाश है? भारत मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें - निःशुल्क रजिस्ट्रेशन!