लंदन की डॉक्टर बांग्लादेश में जबरन विवाह की शिकार
33 वर्षीय हुमायरा अबेदीन को अगस्त महीने में किसी बहाने से बांग्लादेश बुलाया गया। उनके वकीलों को इस बात का डर है कि उन्हें तभी से वहां बंधक बना लिया गया है। संभवत: माता-पिता की पसंद के मुताबिक निकाह रचाने के लिए उनकी पिटाई भी की गई है।
हुमारिया की वकील एन्नी मैरी हचिंसन ने समाचार पत्र द इंडिपेंडेट को बताया, "इस महिला की हिफाजत को लेकर चिंता बनी हुई है। पता चला है कि इस सप्ताह के अंत में उसका निकाह रचाया जाने वाला है।''
हचिंसन ने आगे कहा, "जबरन विवाह कानून देश के सभी नागरिकों की हिफाजत के लिए है। चूंकि वह यहां रहती हैं, लिहाजा यह साफ है कि यह बांग्लादेश सरकार का घरेलू मामला नहीं है।''
ब्रिटिश उच्च न्यायालय की तरफ से इस मामले में एक आदेश जारी किया गया है। हुमारिया के वकील ने आदेश की प्रति बांग्लादेश में उनके माता-पिता को भेज दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।