लश्करे तैयबा को मजबूत बनाने में आईएसआई की भूमिका: अमेरिकी अधिकारी
'न्यूयार्क टाइम्स' अखबार ने कुछ खुफिया अधिकारियों के हवाले से लिखा कि इस संगठन को संसाधन और सटीक सूचनाओं से लैस करने और उसे आतंकी हमले की साजिश रचने में मदद देने में आईएसआई सक्रिय रही है। अखबार ने अपने प्रथम पृष्ठ पर इस आशय की एक खबर प्रकाशित की है। खबर में कहा गया है कि यूं तो अमेरिकी अधिकारियों को मुंबई कांड में आईएसआई की प्रत्यक्ष भूमिका का सबूत नहीं मिला है, लेकिन यह सच है कि इस एजेंसी से लश्कर को खुफिया जानकारी मिलती रही है।
अधिकारियों के मुताबिक आईएसआई इस खतरनाक संगठन को संसाधन भी मुहैया कराती रही है। इसके अलावा उसे खतरनाक योजनाओं के लिए एजेंसी से वित्तीय मदद भी मिलती रही है। अखबार लिखता है कि मुंबई कांड के बाद अमेरिकी खुफिया विभाग और आतंकवाद विरोधी अभियान से जुड़े अधिकारी लश्कर की क्षमता का आकलन करने में लगे हैं।
एक वरिष्ठ खुफिया अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर अखबार को बताया, "जर्रार शाह नामक एक व्यक्ति आईएसआई और लश्कर के बीच संपर्क सूत्र की भूमिका निभा रहा है। वह इस साजिश का सूत्रधार हो सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।