मुंबई हमले के आरोप में 2 संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त जावेद शमीम ने संवाददाताओं को बताया, "मुंबई पुलिस से सिमकार्ड के संबंध में मिली जानकारी के बाद हमने शुक्रवार को हावड़ा स्टेशन से तौसीफ रहमान (26 वर्ष) और दिल्ली से मुख्तार अहमद (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया।"
दोनों को कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग और विशेष कार्रवाई बल (एसटीएफ) ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार किया।
तौसीफ पूर्वी कोलकाता के तिलजला इलाके का रहने वाला है और वह एक ट्रेवल एजेंसी के लिए काम करता है।
दिल्ली से गिरफ्तार किया गया मुख्तार श्रीनगर के रेहानबारी का निवासी है और कोलकाता में शाल बेचा करता था लेकिन पिछले डेढ़ वर्ष से आटो रिक्शा चलाने का काम करता है।
शमीम ने बताया कि तौसीफ ने कुछ महीने पहले मुख्तार को 22 सिम कार्ड बेचे थे जिनमें से एक मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के दौरान बरामद किया गया था।
तौसीफ और मुख्तार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 468, 471 और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*