भारत-पाक संबंधों को सामान्य बनाने के लिए शुरू हुई पर्दे के पीछे की कूटनीति
इस्लामाबाद, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव को कम करने के लिए पर्दे के पीछे कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।
पाकिस्तानी सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि दोनों देशों में शुरुआती संपर्क साधे गए हैं और जल्द ही पाकिस्तान के एक पूर्व विदेश सचिव नई दिल्ली के दौरे पर पहुंचेगे और वह भारतीय नेतृत्व को विश्वास में लेने का प्रयास करेंगे।
अधिकारी ने पूर्व विदेश सचिव का नाम बताने से इनकार कर दिया। उसका कहना है कि यह नाम तब तक सार्वजनिक नहीं किया जाएगा जब तक दोनों देशों की ओर से इस पर आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती।
दरअसल, 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में 183 लोग मारे गए थे। इस हमले के संदर्भ में भारत का आरोप रहा है कि मुंबई पर हमला करने वाले सभी आतंकवादी पाकिस्तानी थे। इसके बाद से दोनों देशों के संबंधों में तनाव आ गया।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब दोनों देशों के संबंधों को सामान्य बनाने के लिए पर्दे के पीछे की कूटनीति प्रारंभ हुई है। इससे पहले वर्ष 1965 के युद्ध के बाद भी इस तरह के कूटनीतिक प्रयास किए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
जीवनसंगी की तलाश है? भारत मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें - निःशुल्क रजिस्ट्रेशन!