मुंबई हमलों से राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं नेता : गुलजार
मुंबई, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। मशहूर गीतकार और फिल्मकार गुलजार का कहना है कि मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों से भी विभिन्न दलों के नेता राजनीतिक लाभ कमाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार पर ढील बरतने का भी आरोप लगाया।
आईएएनएस को दिए विशेष साक्षात्कार में गुलजार ने कहा, "मुंबई में हुई वीभत्स घटना से आखिर नेता राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश क्यों कर रहे हैं। हमारा घर जल रहा है और हमारे पास खुद को बचाने के पर्याप्त उपाय भी नहीं हैं।
महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए गुलजार ने कहा, "मेरा मानना है कि राज्य सरकार के पास आतंकवादी घटना की 24 घंटे पहले सूचना थी। यदि लाख चेतावनी के बावजूद भी कोई कुछ भी नहीं करे तो हम क्या कर सकते हैं।"
गुलजार ने कहा, "मैंने किसी भी नेता को आतंकवादी हमलों में घायल लोगों से मिलते और उन्हें सांत्वना देते नहीं देखा। लोगों का ध्यान बांटने के लिए वे पाकिस्तान के बारे में चर्चा करने लगे हैं।"
गुलजार ने मुंबई हमलों की अमेरिका में 2001 में हुए आतंकवादी हमलों से की जा रही तुलना का विरोध किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी की स्थिति से मुंबई हमलों की तुलना नहीं की जा सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*