गोवा पुलिस का कश्मीरियों की पहचान सत्यापित कराने का अभियान
तटीय शहर कोलवा में रहकर दरी और अन्य वस्तुओं का व्यापार करने वाले सैकड़ों कश्मीरियों को बुधवार को नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर अपने निवास, व्यापार और अन्य व्यक्तिगत जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद पुलिस ने यह अभियान आरंभ किया है।
कोलवा के इंस्पेक्टर धर्मेश एंजल ने आईएएनएस को बताया कि पहली बार ऐसा अभियान नहीं चलाया जा रहा है। हम इन जानकारियों को जम्मू और कश्मीर पुलिस को भेजकर उनका सत्यापन कराएंगे।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि कई कश्मीरी मादक पदार्थो के व्यापार में लिप्त होने के कारण पकड़े गए हैं। इस अभियान का मकसद उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखना है।
एक कश्मीरी व्यापारी ने कहा कि अन्य प्रदेशों से भी काफी व्यापारी गोवा आते हैं, उनकी पहचान को क्यों नहीं प्रमाणित कराई जा रही है। एक अनुमान के अनुसार हर वर्ष करीब 4,000 कश्मीरी पर्यटन से जुड़े व्यापार के लिए गोवा आते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।