मुंबई में दिखा आतंकवाद पर आक्रोश
समुद्र के किनारे चारों तरफ तिरंगा था और हर उम्र व मजहब के लोग खुलकर अपने गुस्से का इजहार कर रहे थे। सभी लोग 'भारत माता की जय' के नारे लगा रहे थे।
यह आक्रोश केवल मुंबई में ही नहीं बल्कि देश के दूसरे बड़े शहरों में दिखा। कोलकाता, नई दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई समेत कई शहरों में लोग आतंकवादी हमलों के खिलाफ सड़कों पर उतरे और कड़े कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश साफ नजर आया। इसके साथ ही लोग देश के कई नेताओं से बेहद क्षुब्ध नजर आए। कोई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलास राव देशमुख को कोस रहा था तो किसी ने केरल के मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन की आलोचना की।
गौरतलब है कि गत 26 नवंबर को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में 183 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।