भारत से बिगड़ते रिश्तों के लिए मीडिया दोषी
इस्लामाबाद,1 दिसम्बरः मुंबई में आतंकवादी हमलों से चिंतित पाकिस्तान की जनता ने भारत से बिगड़ते रिश्तों के लिए दोनों मुल्कों के मीडिया को दोषी करार दिया है। लोगों का मानना है कि सनसनी फैलाने का आदी बन चुका मीडिया रिश्तों में जहर घोल रहा है।
इकरा विश्वविद्यालय में राजनीति शास्त्र की पढ़ाई कर रहे अंब्रीन हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "सभी भारतीय चैनलों के एंकरों के बीच पाकिस्तान पर दोषारोपण करने की होड़ मची रही, जबकि पाकिस्तानी चैनल इन आरोपों को झुठलाने में लगे रहे।
पाकिस्तानी चैनल यह साबित करने में व्यस्त हैं कि मुंबई कांड को भारतीय आतंकवादियों ने ही अंजाम दिया है। यह सिलसिला इस समस्या का हल नहीं है।"
एक अंतर्राष्ट्रीय स्वयंसेवी संगठन के लिए काम करने वाले मिसबाह फासिह कहते हैं, "मैं समझता हूं कि दोनों मुल्कों का मीडिया गैर-जिम्मेवार है। वह अपनी जिम्मेदारी के प्रति ईमानदार नहीं है। या तो उसे इतने संवेदनशील मामले की रिपोर्टिग करने नहीं आती या फिर वह जानबूझ कर ऐसा कर रहा है।"
भारत का आरोप है कि इन हमलों में पाकिस्तान की भूमिका है, जबकि पाकिस्तान भारत पर मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगा रहा है। भारतीय चैनलों का भी दावा है कि घटना को पाकिस्तान के इशारे पर अंजाम दिया गया और इसमें पाकिस्तानी आतंकवादियों की भूमिका है।
दोषारोपण की होड़ में पाक चैनल भी शामिल हैं। एक निजी पाक चैनल का दावा है कि भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ ने कांग्रेस को चुनावी फायदा पहुंचाने के लिए इस साजिश का जाल बुना।
इंडो-एशियन
न्यूज
सर्विस।