मुंबई हमला : कश्मीर में सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार
जम्मू, 30 नवंबर (आईएएनएस)। लश्कर-ए-तैयबा(एलईटी) के संदिग्ध सदस्य से फोन पर कथित तौर पर बातचीत करने के आरोप में जम्मू-कश्मीर में एक सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने रविवार को दी।
ज्ञात हो कि अलकायदा से संबद्ध पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन एलईटी को मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
इस हमले में 183 नागरिक मारे गए थे, जिसमें 22 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक डोडा के नगरपालिका समिति में एक कनिष्ठ सहायक शौकत ममनू को फोन पर कुछ संदिग्ध बातचीत करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक शौकत को पहले एलईटी कार्यकर्ता गुल्ला ममनू का फोन आया। फोन पर कहा गया कि टीवी खोलो और देखो कि मुंबई में क्या हुआ है। उसके बाद उसे एक और फोन आया। इस बार मुंबई में रिश्तेदारों की कुशलता के बारे में जानकारी मांगी गई।
पुलिस के अनुसार इन टेलीफोन काल्स और इन पर की गई बातचीत की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*