मुंबई हमला : मुंबई सामान्य स्थिति की ओर
मुंबई, 30 नवंबर (आईएएनएस)। लगभग 60 घंटे की दहशत और अफरातफरी के बाद रविवार को मुंबई में जनजीवन फिर से सामान्य हो गया। मुंबई भर में सामान्य दिनों की तरह दुकानें खुल गईं और भेलपुरी व वड़ा पाव बेचने वाले सड़कों पर फिर से लौट आए।
लेकिन तीन दिन और तीन रात तक जारी रहे इस आतंकी खून-खराबे का खौफ अभी भी मुंबई में चारों ओर साफ देखा जा सकता है।
उद्योगपति अनिल अंबानी और उनके कुछ करीबी मित्रों ने रविवार को सुबह ओबेराय ट्राइडेंट होटल के पास से चौपाटी बीच तक लगभग साढ़े तीन किलोमीटर की एक प्रतीकात्मक शांति यात्रा की।
यहां तक कि दक्षिण मुंबई के जिन क्षेत्रों में आतंकवादियों ने हमले किए थे, वहां भी लोगों ने सावधानी के साथ अपने कदम घरों से बाहर निकाले।
मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेनें व बेस्ट की बसें आम दिनों की तरह फिर से दौड़ने लगीं।
मुंबई का प्रसिद्ध जुहू बीच रविवार की सुबह लोगों से भरा हुआ था।
लेकिन लोग अभी भी सिनेमागृहों व शॉपिंग मॉल्स जैसी भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बच रहे हैं।
रविवार को भी ताज होटल, ओबेराय ट्राइडेंट होटल व नरीमन हाउस पर मुंबई पुलिस का पहरा बना रहा।
इन दोनों भव्य होटलों की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहे।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार सफाई अभियान फोरेंसिक विशेषज्ञों की हरी झंडी मिलने के बाद शुरू किया जाएगा।
जांच अधिकारी सुरागों की तलाश में दोनों होटलों और नरीमन हाउस की गहन तलाशी कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*