देशमुख ने राम गोपाल वर्मा के साथ किया ताज का दौरा (लीड-1)
मुंबई, 30 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने रविवार को आतंकवादी हमले का शिकार हुए ताज होटल का दौरा किया। उनके साथ उनके अभिनेता बेटा रितेश देशमुख और फिल्म निर्माता रामगोपाल वर्मा भी थे।
मुंबई के विभिन्न स्थानों पर बुधवार रात को किए गए आतंकवादी हमले के दौरान इस पांच सितारा होटल पर आतंकवादियों ने कब्जा कर लिया था। यहां पर आतंकवादियों ने कई लोगों की हत्या कर दी थी। बाद में शनिवार सुबह करीब 60 घंटों की कमांडो कार्रवाई के बाद ताज को मुक्त करवाया गया।
देशमुख इसके बाद ओबराय होटल गए। ओबराय को भी आतंकवादियों ने अपने कब्जे में ले लिया था।
फिल्म अभिनेता और निर्माता के साथ देशमुख के ताज व ओबराय दौरे की मुंबईवासियों ने आलोचना की है। उनका कहना है कि क्या रामगोपाल वर्मा आतंकवादियों के इस खेल पर कोई फिल्म बनाना चाहते हैं।
एक सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा आनंद ने कहा, "यह एक संवेदनशील मुद्दा है। जब आम आदमी परेशान होता है तो राजनीतिज्ञों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।