पाटिल ने 'नैतिक जिम्मेदारी' लेते हुए इस्तीफा दिया (लीड-1)
नई दिल्ली, 30 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने रविवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को इस्तीफा सौंप दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने कहा, "पाटिल ने मुंबई हमलों की नैतिक जिम्मेदारी ली है और पद छोड़ने का निर्णय लिया है।"
नटराजन ने कहा कि मुंबई में जो कुछ भी हुआ उसे केंद्र सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा, "यह देश की संप्रभुता पर हमला था। हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात देश और नागरिकों की सुरक्षा है।"
कांग्रेस के एक अन्य प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भी पाटिल द्वारा प्रधानमंत्री को इस्तीफा सौंपे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "पाटिल ने इस्तीफा सौंप दिया है और अब इस पर प्रधानमंत्री निर्णय लेंगे।" उन्होंने कहा कि यह समय किसी पर आरोप लगाने का नहीं है।
माना जा रहा है कि शनिवार रात हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पाटिल ने इस्तीफे की पेशकश की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*