एक घायल आतंकी अभी भी ताज में

यहां सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। वहीं नरीमन हाउस में सर्च ऑपरेशन पूरा हो गया, जबकि होटल ट्राइडेंट के कुछ कमरे अभी बाकी हैं। सेना के अधिकारियों ने ताज और ट्राइडेंट में भारी मात्रा में विस्फोटक होने की आशंका व्यक्त की है। भारी मात्रा में हैंड ग्रेनेड बरामद किये हैं।
एनएसजी के डीजी जेके दत्त के मुताबिक होटल ताज में एक घायल आतंकी अभी भी मौजूद है। यहां के एक-एक कमरे की तलाशी जारी है। यहां के तमाम कमरों के दरवाजे अभी भी बंद हैं, जिनमें लोगों के होने की संभावना है। तमाम लोग कमरों में बेहोश पाये गये। जो दरवाजे अंदर से बंद हैं, उन्हें सेना के जवान धमाका कर तोड़ रहे हैं।
अभी भी ताज और ओबरॉय में धमाकों की आवाज जारी है। इस पर सेना के अधिकारियों का कहना है कि घबराने की बात नहीं है, क्योंकि ऐसे विस्फोटक जो निष्क्रीय नहीं किये जा सकते हैं, उनका कंट्रोल ब्लास्ट कराया जा रहा है।
ओबरॉय में दो एके-47 और नरीमन से दो और ग्रेनेड बरामद हुए हैं। कार्रवाई पूरी होते ही टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा होटल ताज पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। हालांकि उन्हें सुरक्षाअधिकारियों ने अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
कार्रवाई में तीन आतंकवादी ढेर
महानिदेशक जेके दत्त ने ऑपरेशन खत्म होने के बाद बताया कि जो काम एनएसजी को दिया गया था, उसे पूरा कर दिया गया है। बुधवार रात से चली कार्रवाई में 14 आतंकवादी मारे गए, जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया गया।
शनिवार तड़के लगभग 3.30 बजे से दो घंटे तक जवानों और आतंकवादियों के बीच लगातार गोलीबारी में तीन आतंकवादी ढेर हो गये। इस कार्रवाई में एनएसजी ने अपने दो जांबाज कमांडो संदीप उन्नीकृष्णनन और गजेन्द्र सिंह को खो दिया। दूसरी ओर बुधवार रात के हमलों में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के प्रमुख हेमंत करकरे समेत 14 पुलिसकर्मी मारे गए।












Click it and Unblock the Notifications