मुंबई हमला : 'बंधक संकट का शिकार बनने पर पर्दे हटाकर रखें'
मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड(एनएसजी) प्रमुख जे. के. दत्त ने शनिवार को जनता से अपील की कि बंधक संकट में फंसने की सूरत में वे अपने होटल के कमरों में खिड़कियों से पर्दे हटाकर रखें ताकि बचावकर्मी तत्काल उनकी पहचान कर सकें।
दत्त ने संवाददाताओं को बताया, "यदि आप बंधक जैसी स्थिति में फंस जाएं तो खिड़कियों के पर्दे हटा कर रखें। इससे सुरक्षा एजेंसियों का काम काफी आसान हो जाता है।"
दत्त ने कहा कि इससे सुरक्षा एजेंसियों को आसानी से पता चल जाएगा कि असली मेहमान कौन हैं और हमारे सटीक निशानेबाज अन्य कमरों में मौजूद आतंकवादियों का आसानी से खात्मा कर सकेंगे।
दत्त की टिप्पणी मुंबई दो प्रमुख होटलों में बंधक संकट के दौरान सुरक्षाकर्मियों को हुए अनुभव वजह से महत्वपूर्ण है। होटलों में बंधक संकट होते ही होटल के कर्मचारियों ने सभी मेहमानों से खुद को अपने कमरों में बंद कर लेने को कहा था।
जब सुरक्षाकर्मियों ने मेहमानों को होटल से सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया तो अतिथियों से इस डर के मारे दरवाजे नहीं खोले कि दरवाजे पर खड़ा व्यक्ति आतंकवादी हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications