विस चुनाव : दिल्ली में मतदान प्रक्रिया में तेजी (लीड-2)
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा की 69 सीटों के लिए शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। शुरुआत में मतदान प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी रही। लेकिन बाद में इसमें तेजी देखी जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार पूरन चंद योगी के निधन के कारण विधानसभा की एक सीट के लिए मतदान नहीं हो रहा है।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र पर सुबह 8.30 बजे मतदान किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार वी.के.मल्होत्रा ने गोल डाकखाना स्थित सेंट कोलंबस विद्यालय के मतदान केंद्र पर सवेरे आठ बजे मतदान किया।
प्रियंका गांधी ने भी निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने औरंगजेब लेन स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सतबीर एस. बेदी ने आईएएनएस को बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है।
मतदान के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने सुबह चार बजे से ही अपनी सेवा शुरू कर दी। 1.5 करोड़ से अधिक मतदाता 863 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।
चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लगभग 52,000 सुरक्षाकर्मियों को 10,993 मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। 15,00 से अधिक मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 69 सीटों पर, वहीं भाजपा 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 10 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications