मुंबई हमला : शहीद गजेंद्र को श्रंद्धांजलि दी गई
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई हमले में शहीद एनएसजी कमांडो हवलदार गजेंद्र सिंह को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), सेना और अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
30 वर्षीय गजेंद्र का पार्थिव शरीर शनिवार को इंदिरा गांधी हवाई अड्डे के करीब महराम नगर स्थित एनएसजी के मुख्यालय लाया गया।
तिरंगे में लिपटे गजेंद्र के पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए एक विशेष विमान के जरिए देहरादून ले जाया जाएगा।
एनएसजी, सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के निदेशक विक्रम श्रीवास्तव, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा संसद सदस्य नवीन जिंदल ने भी गजेंद्र को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
गजेंद्र सेना के 10-पैरा कमांडो बटालियन से जुड़े थे और इस वर्ष जनवरी से वे एनएसजी के लिए काम कर रहे थे।
एनएसजी के महानिदेशक जे.के.दत्त ने कहा कि गजेंद्र ने देश की रक्षा की खातिर अपने प्राणों की आहूति दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications