मुंबई हमला : 59 घंटे बाद थमा आतंक का तांडव (लीड-1)
मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आतंक का तांडव 59 घंटे बाद शनिवार सुबह थमा। कमांडो ने होटल ताज को आतंकवादियों से मुक्त करवाने के बाद 'ताज ऑपरेशन' पूरा कर लिया।
होटल ताज में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की कार्रवाई में तीन आतंकवादी मारे गए।
एनएसजी के महानिदेशक जे.के.दत्त ने ऑपरेशन खत्म होने के बाद संवाददाताओं से कहा, "हमें जो काम दिया गया था, उसे हमने पूरा किया। अंतत: हमने आतंकवादियों के खिलाफ जंग फतह कर ली है। "
इससे पूर्व शनिवार तड़के लगभग 3.30 बजे से दो घंटे तक सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों के बीच लगातार गोलीबारी होती रही।
ताज ऑपरेशन खत्म होने के बाद टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा भी ताज होटल पहुंचे।
मुंबई के पुलिस आयुक्त हसन गफूर ने संवाददाताओं को बताया, "आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी हो गई है।" इस कार्रवाई में एनएसजी ने अपने दो जांबाज कमांडो संदीप उन्नीकृष्णनन और गजेन्द्र सिंह को खो दिया। दूसरी ओर बुधवार रात के हमलों में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के प्रमुख हेमंत करकरे समेत 14 पुलिसकर्मी मारे गए।
बुधवार रात से चली कार्रवाई में 14 आतंकवादी मारे गए, जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया गया।
देश में अबतक के सबसे बड़े आतंकवादी हमलों में मुंबई में 148 लोगों की मौत हो गई और लगभग 327 घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications