विस चुनाव : मध्यप्रदेश में 69.31 फीसदी मतदान, रविवार को 30 केंद्रों पर पुनर्मतदान
भोपाल, 29 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की 13वीं विधानसभा के लिए 27 नवम्बर को हुए चुनाव में रिकार्ड 69.31 फीसदी मतदान हुआ। बालाघाट जिले की बारासिवनी विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 84.07 फीसदी और आलिराजपुर जिले की जोबट विधानसभा सीट पर सबसे कम 48.82 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के दौरान हुई गड़बड़ियों के चलते चुनाव आयोग ने 30 मतदान केन्द्रों पर फिर से मतदान कराने का निर्णय लिया है।
मध्यप्रदेश में 27 नवंबर को 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया था कि 60 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। 28 नवंबर की रात तक चुनाव आयोग को जो जानकारी मिली उसके मुताबिक कुल 69.31 फीसदी मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। 2003 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में हुए मतदान से इस बार ज्यादा मतदान हुआ है। पिछले चुनाव में 67.41 फीसदी मतदान हुआ था।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ज़े एस़ माथुर के कार्यालय से शनिवार को मिली जानकारी के मुताबिक 30 मतदान केन्द्रों में 30 नवंबर को फिर से मतदान कराया जाएगा। जिन स्थानों पर पुनर्मतदान होना हैं उनमें सबसे ज्यादा 12 केन्द्र भिन्ड जिले के हैं। पुनर्मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में 73 केन्द्रों पर पुनर्मतदान कराया गया था।
27 नवंबर को हुए मतदान के दौरान सबसे ज्यादा हिंसा और विवाद की घटनाएं चम्बल अंचल के भिन्ड जिले में हुई थीं। सबसे अधिक गड़बड़ी की शिकायतें भी यहीं से आई थी। इसी आधार पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनाव आयोग को पुनर्मतदान के लिए प्रस्ताव भेजा था, जिसे आयोग ने मंजूरी दे दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications