चुनावों से पहले आपात स्थिति हटाए बांग्लादेश सरकार : ईयू
ढाका, 29 नवंबर (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू)ने शुक्रवार को बांग्लादेश सरकार से देश में आम चुनावों से पहले आपातस्थिति हटाने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे चुनावों की विश्वसनीयता पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
बांग्लादेश में यूरोपीय संघ के चुनाव निगरानी मिशन के प्रमुख अलेक्सेंडर ग्राफ लैम्ब्सडॉफ ने कहा, "आपात स्थिति के बीच चुनाव संपन्न कराना आदर्श स्थिति नहीं है। हमें उम्मीद है कि चुनाव के लिए उपयुक्त माहौल सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रक्रिया के दौरान देश से आपात स्थिति हटाई जाएगी।"
बांग्लादेश में ईयू का चुनाव निगरानी मिशन नवंबर के आरंभ में पहुंचा था। इस दल ने चुनाव पूर्व वातावरण का आकलन करने के लिए कई जिलों का दौरा किया है और प्रमुख राजनीतिज्ञों, सरकारी अधिकारियों और विदेशी राजनयिकों आदि से बातचीत की है।
बांग्लादेश में 29 दिसंबर को चुनाव होने वाले हैं। ईयू मतदान वाले दिन अपने 150 चुनाव पर्यवेक्षकों को तैनात करेगा।
बांग्लादेश के प्रमुख राजनीतिक दलों ने भी अंतरिम सरकार से आपात स्थिति हटाने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications