वी.पी. सिंह पंचतत्व में विलीन (लीड)
इलाहाबाद, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अपने छोटे से प्रधानमंत्रित्वकाल में ही देश में सामाजिक बदलाव का सूत्रपात कर देश की राजनीति को नई दिशा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। यहां संगम तट पर पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया है। सिंह का बीते गुरुवार को निधन हो गया था।
पवित्र संगम तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनके बड़े बेटे अजेय सिंह ने उनके शव को मुखाग्नि दी। चिता में अग्नि प्रज्ज्वलित होने के साथ ही उनके समर्थकों ने 'वी.पी. सिंह अमर रहे' का नारे लगाए।
इसके पहले तिरंगे ध्वज में लिपटा पूर्व प्रधानमंत्री का शव अंतिम संस्कार स्थल पर लाया गया, जहां उन्हें बंदूकों की सलामी दी गई। कई प्रमुख हस्तियों ने उनके शव पर पुष्प अर्पित किए।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव इस अवसर पर खासतौर पर उपस्थित थे।
इसके अलावा केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री सुबोध कांत सहाय, ग्रामीण विकास मंत्री रघुवंश प्रसाद, रसायन व ऊर्वरक मंत्री रामविलास पासवान, कांग्रेस की उत्तरप्रदेश इकाई की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी भी अंत्येष्टि के समय उपस्थित थे।
जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कोई भी नेता इस अवसर पर उपस्थित नहीं था।
ज्ञात हो कि लंबी बीमारी के बाद गुरुवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में सिंह का निधन हो गया था। उन्हें शुक्रवार को विशेष विमान से इलाहाबाद लाया गया था। आम जनता के दर्शनार्थ शव को इलाहाबाद के नजदीक उनके पैतृक निवास 'मांडा हाउस' ले जाया गया था।
उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार की शाम 'मांडा हाउस' जाकर पूर्व प्रधानमंत्री को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की थीं। मुख्यमंत्री ने राज्य में सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा भी की।
इलाहाबाद में शनिवार को सार्वजनिक अवकाश रहा। पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications