मुंबई हमला : महाराष्ट्र में एनएसजी की तर्ज पर गठित होगा सुरक्षा बल (लीड-1)
मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने शनिवार को मुंबई हादसे में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की तर्ज पर राज्य सरकार भी एक सुरक्षा बल का गठन करेगी।
देशमुख ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "पिछले कुछ दिन हमारे लिए बेहद कठिनाई भरे रहे। इसके बावजूद हमें आतंकवादियों का कोई खौफ नहीं है। हमने सभी शहीदों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये देने का फैसला किया है।"
उन्होंने कहा, "एनएसजी की तर्ज पर राज्य में भी एक सुरक्षा बल का गठन किया जाएगा। इसके लिए हम केंद्र सरकार से अनुमति मांगेंगे।"
शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से सभी प्रकार का मदद देने का आश्वासन देते हुए देशमुख ने कहा, "शहीद पुलिसकर्मियों में से प्रत्येक के परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही इन परिजनों के लिए सरकारी मकानों में रहने की स्थायी व्यवस्था भी की जाएगी।"
उन्होंने कहा, "शहीद हुए पुलिसकर्मियों का जो मौजूदा वेतनमान था, उसी के मुताबिक उनके परिजनों को वह वेतन मिलता रहेगा। यह उस शहीद की सेवानिवृत्ति की उम्र तक मिलता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बुधवार रात मुंबई के 10 स्थानों पर किए गए आतंकवादी हमले से निपटने में एनएसजी के 350 कमांडो लगे हुए थे और यह पूरी कार्रवाई 59 घंटे तक चली।
देशमुख के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 162 लोगों की मौत हुई है, जबकि 239 लोग घायल हुए हैं। मारे गए लोगों में 18 विदेशी नागरिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "सोमवार से नागपुर में शुरू हो रहे राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र को हमने स्थगित कर दिया है। यह अब 11 दिसम्बर से शुरू होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications