विस चुनाव : चुनावी मोबाइल संदेशों से झल्लाए दिल्लीवासी
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के लोग राजनीतिक पार्टियों द्वारा भेजे जा रहे चुनावी मोबाइल संदेशों-एसएमएस से झल्ला गए हैं।
शुरुआत में तो लोगों ने भी माना था कि यह वोटरों को मतदान केंद्रों तक लाने के लिए अच्छा माध्यम बन सकता है लेकिन अब वही लोग इसकी बाढ़ से उकता गए हैं।
ऐसे ही संदेशों की बाढ़ से उबे एक वोटर मयंक ने कहा, "बहुत हो गया। सभी पार्टियां एक जैसी हैं। सभी अपने मतलब के लिए काम कर रही हैं।"
मयंक ने बताया कि शनिवार सुबह उन्हें बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती का एक संदेश मिला।
मयंक ने वह संदेश पढ़कर सुनाया। उसमें लिखा था- 'मेरा नमस्कार स्वीकार कीजिए। आपसे मेरा विनम्र निवेदन है कि आप अपना बहुमूल्य मत हमें ही दीजिएगा क्योंकि हमारी पार्टी ही आपको सीलिंग, तोड़फोड़, भ्रष्टाचार, आतंकवाद और महंगाई जैसे मुद्दों से छुटकारा दिला सकती है-मायावती'।
सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी भी किसी से कम नहीं। उसने शनिवार सुबह संदेशों के माध्यम से ही शहर भर के मतदाताओं के पास पहुंचने का फैसला किया।
कांग्रेस द्वारा जारी एक संदेश में इस प्रकार है-'ये राष्ट्र का प्रश्न है, राजनीति का खेल नहीं-कांग्रेस।' इस संदेश को भेजने वाले की जगह 'मुंबई' लिखा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications