विस चुनाव : राजस्थान के सट्टाबाजार में कांग्रेस की जीत के कयास
जयपुर, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान में आगामी गुरुवार को होने वाले विधानसभा चुनावों का नतीजा चाहें जो भी हो लेकिन सट्टेबाज कांग्रेस की जीत पर बोली लगा रहे हैं।
सट्टेबाजों का कहना है कि मुंबई में हुए आतंकी हमलों का उनकी बोली की रकम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जयपुर स्थित एक सट्टेबाज ने आईएएनएस को बताया कि राजस्थान में एक से डेढ़ करोड़ रुपये का सट्टा लगा है।
प्रदेश में 200 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। अभी यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन है, जिसने पिछली बार 121 सीटें हासिल की थीं, जबकि कांग्रेस को 53 सीटों से संतोष करना पड़ा था।
सट्टेबाजों का आकलन है कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को निश्चित तौर पर फायदा होगा जबकि भाजपा को नुकसान होना तय है।
सट्टेबाजों के मुताबिक कांग्रेस को लगभग 100 सीटें मिल सकती हैं। इस आकलन के आधार पर सट्टेबाजों ने कांग्रेस पर 1:1.30 का भाव लगाया है।
इसका मतलब यह है कि कांग्रेस के पक्ष में बोली लगाने वाले व्यक्ति को 100 रुपये के बदले 130 रुपये मिलेंगे। हालांकि यह तभी संभव है जब कांग्रेस कम से कम 100 सीटें हासिल कर ले।
कांग्रेस को अगर 90 सीटें मिलती हैं तो इसके बदले 1:0.45 और 80 सीटों के लिए 1:0.14 का भाव तय किया गया है।
दूसरी ओर, सट्टेबाजों का मानना है कि सत्तारुढ़ दल को 60 सीटें मिलेंगी। इसके लिए 1:0.23 का भाव तय किया गया है। अगर भाजपा 70 सीटें हासिल करने में सफल रही तो इसके बदले 1:0.55 और 80 सीटों के लिए 1: 1.50 का भाव लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications