खिलाड़ियों पर दबाव नहीं डालना चाहते पीटरसन
लंदन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश क्रिकेट टीम के कप्तान केविन पीटरसन ने कहा है कि अगले महीने भारत में खेली जाने वाली टेस्ट श्रंखला में हिस्सा लेने को लेकर वे अपने साथियों पर किसी तरह का दबाव नहीं डालना चाहते।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'टाइम्स' के मुताबिक पीटरसन ने भारत और इंग्लैंड के क्रिकेट बोर्डो से धन का लालच छोड़कर खिलाड़ियों के हित के बारे में सोचने की गुजारिश की है।
बकौल पीटरसन, "मैं जानता हूं कि टीवी प्रसारण अधिकार और प्रायोजकों के दबाव में टेस्ट श्रंखला के लिए हमें वापस बुलाने के लिए भारतीय बोर्ड हरसंभव प्रयास करेगा लेकिन क्या ऐसा करना उचित होगा। मैं दोनों बोर्डो से कहूंगा कि सिर्फ धन के लालच में वे ऐसा न करें।"
पीटरसन ने कहा कि बतौर कप्तान उनकी कुछ जिम्मेदारियां हैं और वे उन्हें निभाने में यकीन करते हैं। बकौल पीटरसन, "मेरी जान सिर्फ मेरी नहीं है। इसके साथ कुछ और जानें जुड़ी हुई हैं। इस कारण कम से कम मैं अपने खिलाड़ियों पर भारत जाने का दबाव नहीं डाल सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications