मुंबई हमला : 148 की मौत, ताज में कमांडो कार्रवाई निर्णायक दौर में (राउंडअप)

मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में आतंकवादी हमले के खिलाफ चल रही कमांडो कार्रवाई अंतिम चरण में पहुंच गई है। होटल ओबराय ट्राइडेंट और नरीमन हाउस को मुक्त कराने के बाद कमांडो ताज होटल में ऑपरेशन को अंजाम देने में लगे हुए हैं। हमले में अब तक 148 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें दस विदेशी हैं।

इस बीच सरकार ने कहा है कि बुधवार रात मुंबई के 10 स्थानों पर हमला करने वाले आतंकवादी पाकिस्तानी थे, जिसमें से एक को जीवित पकड़ा गया है। इस कारण पाकिस्तान के साथ रिश्तों पर एक बार फिर संकट के बादल छा गए हैं।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी को फोन कर वहां के खुफिया प्रमुख को भारत भेजने को कहा जिसे पाक ने स्वीकार कर लिया। संभवत: सोमवार को पाक के आईएसआई प्रमुख नई दिल्ली आएंगे।

उधर, ओबराय ट्राइडेंट होटल में 24 शव पाए गए, जबकि आतंकियों ने नरीमन हाउस में पांच बंधकों की हत्या कर दी।

करीब 50 घंटों से चल रहे इस आतंकी खेल में तीनों जगहों से बंधकों को रिहा करा लिया गया है। कार्रवाई में केवल एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया है जिसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में की गई है। हालांकि, इस्लामाबाद ने हमले में किसी भी तरह के हाथ होने से इनकार किया है।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के महानिदेशक जे. के. दत्त ने शुक्रवार को कहा कि आतंकवादियों ने नरीमन हाउस में आठ में से पांच बंधकों की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि कंमाडो ने दो आतंकवादियों को मार गिराया।

मारे जाने वाले बंधकों में इजरायली रब्बी गव्रिएल और उनकी पत्नी रिव्का होल्तजबर्ग शामिल हैं। होल्तजबर्ग मुंबई स्थित चाबड़-लुबावित्च की निदेशक थी। उनका दो वर्षीय बेटा और स्टाफ की एक सदस्य बच निकलने में कामयाब रहे। हाउस को आतंकवादियों से मुक्त कराने में करीब 100 कमांडो लगे हुए थे।

इस बीच ताज में अभी भी कुछ आतंकवादी छिपे हुए हैं। कमांडो और आतंकवादियों के बीच भिड़ंत जारी है। शुक्रवार को होटल में करीब 25 विस्फोटों की आवाज सुनी गई।

इधर, एक अप्रत्याशित कदम में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से उनके खुफिया प्रमुख को भारत भेजने को कहा, ताकि इस आतंकवादी हमले के बारे में सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा सके।

विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि आतंकवादियों का पाकिस्तान से संबंध था, लेकिन उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने हमले की जांच में अमेरिकी खुफिया एजेंसी से सहयोग लेने से इनकार किया।

शुक्रवार को तीनों स्थानों पर कमांडो ने हर मंजिल और हर कमरे की तलाशी लेते हुए कार्रवाई की। इस बीच ताज होटल में कई विस्फोट हुए जिससे वहां आग लग गई।

आतंकवादी हमले के करीब 48 घंटे बाद शुक्रवार शाम विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने माना कि सरकार ने इस तरह के हमले के बारे में कभी नहीं सोचा था।

शुक्रवार को कमांडो ने सबसे पहले ओबराय होटल पर कब्जा किया। गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि वहां पर 24 शव पाए गए। हस तरह वहां मरने वालों की संख्या 30 हो गई है।

इस पूरी कार्रवाई में एनएसजी के दो कमांडो संदीप उन्नीकृष्णन और गजेंद्र सिंह शहीद हो गए। बुधवार रात को आतंकवादियों से मुठभेड़ में मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र एटीएस के 14 जवान शहीद हुए थे, जिसमें एटीएस प्रमुख हेंमत करकरे भी शामिल थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+