आतंक के डर से क्रिकेट को रोकना ठीक नहीं : सोलंकी
लंदन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य और काउंटी क्लब वॉरसेस्टरशायर के कप्तान विक्रम सोलंकी का कहना है कि मुंबई में हुए आतंकी हमले के बावजूद भारत में क्रिकेट की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लगना चाहिए क्योंकि इससे गलत संदेश प्रसारित होगा।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'टेलीग्राफ' ने इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) के लिए खेल चुके सोलंकी के हवाले से लिखा है, "पिछले कुछ वर्षो में इंग्लैंड में भी आतंकी हमले हुए हैं लेकिन इसके बावजूद वहां क्रिकेट रुका नहीं, तो फिर भारत में इस पर ब्रेक लगाना ठीक होगा क्या?"
सोलंकी ने आशा जताई कि सुरक्षा एजेंसियां भारत के संबंध में सकारात्मक रिपोर्ट पेश करेंगी और फिर इंग्लैंड के खिलाड़ी दो मैचों की टेस्ट श्रंखला के लिए भारत रवाना हो जाएंगे।
बकौल सोलंकी, "पिछले कुछ दिनों से यह बहस चल रही है कि इंग्लिश टीम को वापस आना चाहिए या नहीं। अब उनकी वापसी हो रही है तो यह बहस शुरू हो गई है कि उन्हें दोबारा भारत जाना चाहिए या नहीं। भारत को हमले से काफी नुकसान हुआ है लेकिन क्या इससे भारतीयों की जिंदगी रुक गई है। अगर नहीं, तो फिर क्रिकेट को क्यों रोका जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications