मुंबई हमला : 2 आस्ट्रेलियाई नागरिकों की मौत की पुष्टि
सिडनी, 29 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में बुधवार रात के आतंकवादी हमलों में दो आस्ट्रेलियाई नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। वहीं मुंबई स्थित आस्ट्रेलियाई वाणिज्यिक दूत 36 अन्य आस्ट्रेलियाई नागरिकों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।
आस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने नागरिकों से 'बुरी खबर' के लिए तैयार रहने के लिए कहा है। दरअसल बुधवार रात के आतंकवादी हमलों के समय अन्य 36 आस्ट्रेलियाई नागरिक भी हमला स्थल के आस-पास ही थे।
जिन दो आस्ट्रेलियाई नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है, उनके नाम डग मार्केल और ब्रीट टेलर हैं। मार्केल पूर्व मेयर थे वहीं 49 वर्षीय टेलर व्यापारी थे।
आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त जॉन मैक्कार्थी ने कहा कि ओबरॉय ट्राइडेंट होटल से सात आस्ट्रेलियाई नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया था।
मुंबई में आतंक का दौर शनिवार सुबह होटल ताज को आतंकवादियों से मुक्त करवाने पर 59 घंटे बाद खत्म हुआ।
होटल ताज को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने शनिवार सुबह आतंकवादियों से मुक्त करा लिया। सुरक्षाकर्मियों की कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए।
गौरतलब है कि बुधवार रात मुंबई के दो पांचसितारा होटलों समेत विभिन्न जगहों पर हुए हमलों में कम के कम 148 लोगों की मौत हो गई थी। बुधवार रात से ही कुछ आतंकवादी तीन जगहों पर छुपे हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications