मुंबई हमला : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पाटिल अपने बयान से फिर विवादों में घिरे
मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री आर. आर. पाटिल एक बार फिर अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस दफा उन्होंने मुंबई में हुई आतंकवादी घटना के बारे में कहा है कि बड़े शहरों में ऐसी छोटी-छोटी घटनाएं तो होती रहती हैं।
पाटिल यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनसे जब यह पूछा गया कि क्या मुंबई में हुआ आतंकवादी हमला खुफिया तंत्रों की विफलता है तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं है। इतने बड़े शहर में कोई छोटा हादसा हो जाता है। तो यह पूरी की पूरी खुफिया तंत्र की विफलता नहीं है।"
पाटिल ने कहा, "कुल 10 आतंकवादी आए थे। नौ मारे गए जबकि एक को जीवित पकड़ा गया है। आतंकवादियों को सैटेलाइट फोन के माध्यम से विदेश से लगातार जानकारियां मिल रही थी। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि ये आतंकवादी 5000 लोगों को अपना निशाना बनाना चाहते थे।"
बहरहाल, पाटिल के इस बयान को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। रूपा भसीन नामक एक घरेलू महिला ने कहा, "मैं तो अचंभित हूं कि जिस हादसे को देखकर पूरा देश क्या अंतर्राष्ट्रीय समुदाय तक सन्न है, उसके बारे में ये नेता इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं।"
संदीप सिंह नाम के एक छात्र ने कहा, "इन नेताओं पर तो देश पर शासन करने का अधिकार ही नहीं होना चाहिए। वे खुद तो सुरक्षा बल लेकर घूमते हैं और इतने बड़े हादसे को छोटी घटना बताते हैं। इसे छोटी घटना बताने का क्या मतलब है उनका।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications