नेपाल, बांग्लादेश में हमले की निन्दा
काठमांडू, 28 नवंबरः नेपाल ने कल रात भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई में किए गए श्रृंखलाबद्ध आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में अब तक 125 लोगों की मौत हो गई है और लगभग तीन सौ घायल हो गए है।
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहल (प्रचंड) ने आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भेजे शोक संदेश में इसे आतंकवादियों की कायराना हरकत करार देते हुए इसकी तीव्र निंदा की। प्रचंड ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाते हुए किए गए इस नृशंस कार्रवाई की जितनी निंदा की जाए कम है।
उन्होंने कहा कि मुंबई में अस्पताल, रेलवे स्टेशन, होटल और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना एक तरह से मानवता पर हमले के समान है। उन्होंने इस हमले में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुये हताहत हुये लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने कहा कि नेपाल की सरकार और जनता संकट की इस घड़ी में भारत के साथ है। वहीं बांग्लादेश की राजधानी ढाका के अधिकांश समाचार पत्रों ने भी इस हमले की निन्दा करते हुए कहा है कि भारत और पाकिस्तान ही नहीं बल्कि समूचे दक्षिण एशिया क्षेत्र के सामने ही ऐसे हमले का खतरा है।
बांग्लादेश के समाचार माध्यमों ने आतंकवादी हमले की एकस्वर से निंदा करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। अखबारों का कहना है कि अब यह साफ हो गया है कि कोई भी सुरक्षित नहीं है। इस स्थिति में दक्षिण एशिया के सभी देशों को एकजुट होकर इसका मुकाबला करना चाहिए।
समाचार पत्र 'डेली स्टार' ने अपने संपादकीय में लिखा है कि हमले की जिम्मेदारी दक्कन मुजाहिद्दीन के लेने के बाद सभी जगहों के मुसलमानों की यह जिम्मेदारी है कि वे अपने नाम पर होने वाले ऐसे नरसंहारों की निंदा करें। मुसलमानों को स्पष्ट कर देना चाहिए कि उनके धर्म में सभी प्रकार की हिंसा का निषेध है।
मुंबई में आतंकी हमलेः हर पल की खबर


Click it and Unblock the Notifications