मुंबई हमला : होटल ओबरॉय पर नियंत्रण, प्रणब का पाक की ओर इशारा (दोपहर लीड)

मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के महानिदेशक जे.के.दत्त ने कहा है कि कम से कम दो आतंकवादियों के मारे जाने के बाद ओबरॉय ट्राइडेंट होटल पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया है, वहीं नरीमन हाउस और होटल ताज में कमांडो की कार्रवाई जारी है।

दूसरी ओर विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि आतंकवादियों के तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जांच जारी है, जिसकारण इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी जाएगी।

मुखर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से बात कर सकते हैं।

ओबरॉय पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित करने के बाद एनएसजी महानिदेशक दत्त ने संवाददाताओं को बताया कि होटल में कमांडो ने छह शव बरामद किए हैं और एक-एक कमरे की तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि मारे गए आतंकवादियों के पास से दो एके-47 राइफलें और एक पिस्टल भी बरामद किया है।

एनएसजी कमांडो ने कई ग्रेनेड भी बरामद किए। दत्त ने कहा, "ओबरॉय में अब आतंकवादी नहीं हैं। दो आतंकवादी मारे गए हैं। अब होटल एनएसजी के नियंत्रण में है।"

दत्त ने कहा कि होटल के कुछ कमरों की चाभियां नहीं मिलने से एनएसजी कमांडो ने दरवाजों को खोलने के लिए विस्फोटकों का प्रयोग किया।

शुक्रवार सुबह से पांच मंजिली इमारत नरीमन हाउस में भी आतंकवादियों के खिलाफ कमांडो कार्रवाई जारी है। इमारत से तीन शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गई है।

नरीमन हाउस में निर्णायक कार्रवाई के लिए सेना के दो हेलीकॉप्टरों से कमांडो उतारे गए। सबसे पहले सुबह 7.30 बजे हेलीकॉप्टर से छह कमांडो नरीमन हाउस की छत पर उतरे। सभी हाथों में एके-56 राइफल लिए हुए थे। इसके कुछ ही देर बाद दूसरे हेलीकॉप्टर से छह कमांडो उतरे।

पहला धमाका दोपहर लगभग 12.15 बजे सुनाई दिया। एक ओर जहां नरीमन हाउस की छत पर कमांडो उतारे गए हैं वहीं नीचे राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के लगभग 100 कमांडो तैनात हैं। आतंकवादी बुधवार रात से ही इस भवन में छुपे हैं।

माना जा रहा है कि नरीमन हाउस में आतंकवादी छह से आठ लोगों को बंधक बनाए हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए इमारत के बाहर एंबुलैंस की व्यवस्था की गई है।

कहा जा रहा है कि कमांडो निर्णायक कार्रवाई के लिए लगभग तैयार हैं। प्रशासन ने नरीमन हाउस के समीप आने से मंीडिया को मना कर दिया है। समाचार चैनलों से कहा गया है कि वे घटनास्थल से सीधा प्रसारण नहीं करें।

दक्षिणी कमान के कमांडर इन चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल नोबल थांबुराज ने होटल ताज महल पैलेस और टॉवर होटल में चल रही कार्रवाई के बारे में संवाददाताओं को बताया कि कुछ ही घंटों में कार्रवाई पूरी हो जाएगी।

थांबुराज ने कहा अब तक सभी मेहमानों और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया है।

बुधवार रात आतंकवादियों ने होटल ताज के अतिरिक्त होटल ओबेराय ट्राइडेंट और नरीमन हाउस पर भी कब्जा कर लिया था।

थांबुराज इन स्थानों पर चल रही सेना, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और मुंबई पुलिस की कार्रवाई का समन्वय कर रहे हैं।

गौरतलब है कि बुधवार रात हुए आतंकवादी हमलों में कम से कम 125 लोग मारे गए और 327 घायल हो गए। मृतकों में 14 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। बुधवार रात आतंकवादियों ने दो पांचसितारा होटलों समेत मुंबई के अलग-अलग स्थानों पर हमले किए थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+