आतंकी हमले से हिल जाएगी क्रिकेट की अर्थव्यवस्था
लंदन/सिडनी, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई पर हुआ आतंकी हमला क्रिकेट जगत की अर्थव्यवस्था को हिला सकता है क्योंकि भारत से ही इस खेल का 70 फीसदी राजस्व आता है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'टाइम्स' ने लांग रिच इंश्योर्स कंपनी के निदेशक और खेल बीमा के जानकार जोनाथन टाइकहर्स्ट के हवाले से लिखा है, "आप अगर पाकिस्तान और श्रीलंका की ओर देखेंगे तो यह पता चलेगा कि उनके सामने अपनी तरह की राजनीतिक समस्याएं हैं। भारत इन सबसे अलग रहा है।"
टाइकहर्स्ट मानते हैं कि मुंबई की घटनाओं के बाद भारत और दुनिया भर की बीमा कंपनियां किसी खेल आयोजन के रद्द किए जाने के बदले दी जाने वाली रकम का प्रीमियम बढ़ा देंगी।
चैंपियंस लीग के रद्द किए जाने से 1.5 करोड़ डॉलर के राजस्व का घाटा होगा। एक भारतीय कंपनी ने इस टूर्नामेंट के इंश्योरेंस की दावेदारी 30 हजार डॉलर में हासिल की है।
चैंपियंस लीग के रद्द होने से आस्ट्रेलिया को भी नुकसान उठाना पड़ा है। पश्चिमी आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया टीमों को इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए 2.5 लाख डॉलर मिलने थे जबकि क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) को प्रतियोगिता से होने वाली आय का 25 फीसदी हिस्सा मिलना था। इस तरह आस्ट्रेलिया को लाखों डॉलर का नुकसान होगा।
हिल एंड नॉलंटन कंपनी के खेल विपणन एवं प्रायोजक विभाग के प्रबंध निदेशक एंडी सदरलैंड ने कहा है कि भारत की घटना से काफी नुकसान होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे क्रिकेट प्रशासकों का विश्वास हिल गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications