मुंबई हमला : 'आतंकवादी प्रशिक्षित और होटल के चप्पे-चप्पे से वाकिफ'
मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के ताज होटल में आतंकवादियों का जटकर मुकाबला कर रहे नौसेना के कमांडो का कहना है कि आतंकवादी बेहद प्रशिक्षित और होटल के चप्पे-चप्पे से वाकिफ थे।
नौसेना के कमांडो दस्ते एक अधिकारी ने अपने प्रथम संवाददाता सम्मेलन में बताया कि उन्होंने और उनके सहयोगियों ने ताज होटल में कई लाशें देखी हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादी टूटी-फूटी अंग्रेजी बोल रहे थे और ए के राइफलों से अंधाधुंध गोलीबारी कर रहे थे और ताज होटल में मौजूद कमांडो दस्ते के सदस्यों पर ग्रेनेड फैंक रहे थे।
ब्लैक कमांडो सूट पहने अधिकारी ने कहा, "निश्चित तौर पर वे प्रशिक्षित थे। हर कोई ए के सीरीज के हथियार नहीं चला सकता। ऐसे हथियार और विस्फोटक इस्तेमाल करने का मतलब है कि उन्होंने प्रशिक्षण ले रखा था।"
अधिकारी ने कहा, "वे लोग होटल के चप्पे-चप्पे से भली-भांति वाकिफ थे। ऐसा लगता है कि उन्होंने पहले होटल का सर्वेक्षण किया होगा। इसके अलावा पक्के इरादे के साथ आए थे और उन्हें कोई पछतावा भी नहीं था।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को कहा था कि मुंबई में कई स्थानों पर कहर बरपाने वाले आतंकवादी विदेशी थे। अधिकारियों ने ज्यादा स्पष्ट करते हुए कहा है कि बंदूकधारी पाकिस्तान के कराची से आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications