ताज होटल कर्मी की अंतिम गुहार
पणजी, 28 नवंबर (आईएएनएस)। 'केविन..केविन', गुरुवार को आतंकवादी हमले में मारे गए ताज महल पैलेस व टॉवर होटल के एक प्रशिक्षु खानसामा 25 वर्षीय बोरिस रेगो के मुंह से मदद के लिए निकले ये अंतिम शब्द थे। बोरिस ने गुरुवार अपराह्न् गोवा में अपने भाई केविन रेगो को अंतिम बार फोन किया था।
पणजी के नजदीक दीवर द्वीप के मूल निवासी बोरिस गत 28 जून से मुंबई के इस पांच सितारा होटल में प्रबंधन प्रशिक्षु के तौर पर कार्यरत थे।
शुक्रवार की सुबह दीवर द्वीप स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में बोरिस के भाई केविन ने कहा कि मुंबई के अधिकारियों ने गुरुवार की शाम फोन पर बोरिस की मौत की खबर उन्हें दी।
केविन ने कहा, "गुरुवार अपराह्न् 2.30 बजे बोरिस का अंतिम बार फोन आया था। फोन पर पीछे से काफी शोर शराबा सुनाई दे रहा था। वह बस 'डैडी..,केविन..केविन' चिल्ला रहा था। अचानक उसकी आवाज बंद हो गई और सब कुछ शांत हो गया।''
बोरिस ताज महल पैलेस व टॉवर होटल में 24 घंटे चलने वाले रेस्तरां शामियाना में काम करते थे।
बोरिस की ही तरह उनके पिता अर्बन रेगो भी ताज समूह के होटलों से जुड़े रहे हैं। फिलहाल वह उत्तरी गोवा में सिंक्वे रिम स्थित ताज समूह के एक होटल में परामर्श देने का काम करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मुंबई में आतंकी हमलेः हर पल की खबर












Click it and Unblock the Notifications