विस चुनाव : अरुण जेटली को चुनाव आयोग का नोटिस
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली को नोटिस जारी किया है।
जेटली पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विधानसभा चुनावों में पार्टी के एक प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं से अपील के लिए अपने सरकारी पैड के इस्तेमाल का आरोप है।
चुनाव आयोग की तरफ से जारी नोटिस में पूछा गया है कि इस तरह की अपील जारी करने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय चिह्न् वाले अपने राज्यसभा सदस्य के पद नाम वाले लेटर पैड का इस्तेमाल क्यों किया।
जेटली की तरफ से यह अपील पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश शर्मा के पक्ष में मतदान के लिए मतदाताओं के बीच बांटी गई है।
जेटली को यह नोटिस जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123(3)के तहत जारी की गई है। इसके तहत चुनाव प्रचार के लिए किसी को धार्मिक प्रतीक, राष्ट्रीय झंडा व राष्ट्रीय प्रतीक के इस्तेमाल की इजाजत नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications