मुंबई हमला : सुरक्षा परिषद ने की निंदा
संयुक्त राष्ट्र, 28 नवंबर: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मुंबई पर आतंकवादी हमलों की भर्त्सना करते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई में भारत को सहयोग देने को कहा है।
सुरक्षा परिषद ने गुरुवार को दिन भर 15 सदस्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद शाम को जारी बयान में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम, आयोजित, प्रायोजित करने वालों तथा उनके लिए धन का बंदोबस्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत पर बल दिया और इस सिलसिले में सभी राष्ट्रों से अंतर्राष्ट्रीय कानून और सुरक्षा परिषद प्रस्तावों के तहत अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए भारत की सहायता करने को कहा।
गुरुवार को 'थैंक्सगिविंग डे' के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अवकाश था लेकिन मामले की गंभीरता और मुंबई हमलों के दीर्घगामी अंतर्राष्ट्रीय असर को देखते हुए सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों ने फोन पर सलाह-मशविरा जारी रखा।
बयान में हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों और भारत सरकार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मुंबई में आतंकी हमलेः हर पल की खबर












Click it and Unblock the Notifications