क्या आंध्र तट की सुरक्षा पुख्ता है?
हैदराबाद, 28 नवंबर(आईएएनएस)। ऐसे में जब सीमा पार से दहशतगर्दों ने समुद्र के रास्ते मुंबई में प्रवेश कर मौत का भयावह मंजर दिखा दिया है, यह सवाल शिद्दत से पूछा जा रहा है कि क्या मुंबई जैसी आतंकवादी वारदातों के लिए आंध्रप्रदेश में हजारों किलोमीटर लंबे समुद्र तट का इस्तेमाल होने से रोकने की मुकम्मल तैयारी की गई है?
राज्य का समुद्र तट 974 किलोमीटर लंबा है और लंबे समय से यह राज्य आतंकवादियों के निशाने पर रहा है। विशाखापट्टनम और काकीनाडा जैसे प्रमुख व्यावसायिक नगर समुद्र के किनारे बसे हुए हैं। भारतीय नौसेना का पूर्वी नेवल कमांड विशाखापट्टनम है। इस शहर में कई तेल, गैस, पेट्रोरसायन भंडार व संयंत्र हैं। इसके अलावा कई और औद्योगिक इकाइयां इस शहर में हैं। इसके बावजूद इस शहर में मेरीन पुलिस नहीं है। जाहिर है, अगर मुंबई जैसी स्थिति यहां पैदा होती है तो हालात बेहद विस्फोटक होंगे।
नगर पुलिस को उपरोक्त शहर में भी इस तरह की वारदात होने की आशंका सता रही है। एक अधिकारी कहते हैं, "हमें ऐसी अनहोनी के लिए तैयार रहना पड़ेगा। यह शहर भी ऐसी वारदात की आशंका से अछूता नहीं है।"
राज्य के गृह मंत्री क़े जना रेड्डी ने तटीय सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद करने का निर्देश दिया है। सरकार ने तटीय सुरक्षा गश्त को लेकर विशेषज्ञों की राय लेने की योजना बनाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications