आईएसआई प्रमुख अगले सप्ताह भारत आएंगे (लीड-2)
इस्लामाबाद, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के संदर्भ में बातचीत के लिए इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शुजा पाशा अगले सप्ताह के शुरू में भारत जाएंगे। पाशा को भारत भेजने का फैसला प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाक प्रधानमंत्री सैयद यूसुफ रजा गिलानी के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक पाशा संभवत: सोमवार को भारत के लिए रवाना होंगे, लेकिन अंतिम निर्णय दोनों देशों के राजनयिक लेंगे।
इस तरह यह इतिहास की पहली घटना होगी, जब किसी आतंकी हमले की जांच के संदर्भ में पाकिस्तान का कोई खुफिया प्रमुख भारत जाएगा।
पाशा को हाल ही में आईएसआई का नेतृत्व सौंपा गया था। इस पद पर उनकी नियुक्ति सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी ने की थी।
अपने चार दिवसीय भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी विदेशमंत्री शाह महमूद कुरैशी ने आतंकवाद से मुकाबले के लिए दोनों देशों के खुफिया प्रमुखों के बीच एक सीधी हॉटलाइन सेवा शुरू करने की सलाह दी है।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार हमले में शामिल आतंकवादियों के तार पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। ये आतंकवादी कराची से समुद्र के रास्ते मुंबई आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications