अदन की खाड़ी में एक और पोत अगवा, चालक दल में 25 भारतीय (लीड-1)
मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। सोमालियाई लुटेरों ने अदन की खाड़ी में शुक्रवार की सुबह एक और व्यापारिक पोत अगवा कर लिया। इस पोत पर सवार चालक दल के 31 सदस्यों में 25 भारतीय नागरिक हैं।
पोत परिवहन महानिदेशालय (डीजीएस) के अधिकारियों के अनुसार सिंगापुर स्थित मेसर्स इशिमा प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधकों की तरफ से शुक्रवार को इस घटना की सूचना प्राप्त हुई।
एम.टी. बिस्कैगलिया नामक पोत इंडोनेशिया के दुमई बंदरगाह से स्वेज नहर के रास्ते होते हुए यूरोपीय बंदरगाह जा रहा था। इसके पहले ही लुटेरों ने उसे अदन की खाड़ी में अगवा कर लिया।
पोत पर सवार चालक दल के सदस्यों में 2 ब्रिटिश, 3 बांग्लादेशी व 1 आयरिश नागरिक भी शामिल हैं।
डीजीएस के अनुसार पोत से एक एसओएस आने के बाद कुआलालंपुर स्थित पाइरेसी रिपोर्टिग सेंटर ने संयुक्त बलों से संपर्क किया। इसके बाद घटना से निपटने के लिए तत्काल दो हेलीकॉप्टर रवाना कर दिए गए।
अदन की खाड़ी में लूट विरोधी गतिविधियों की निगरानी के लिए तैनात एक भारतीय पोत इस घटना के समय ईंधन भर रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications