मुंबई हमलाः कनाडा के भारतीय बेचैन
टोरंटो, 28 नवंबर: मुंबई के आतंकवादी हमलों ने कनाडा में रहने वाले उन भारतीयों में बेचैनी पैदा कर दी है जिनका रिश्ता मुंबई से रहा है। इस घटना ने ताजमहल होटल से जुड़ी इन लोगों की यादें ताजा कर दी हैं।
ताज से पुराना रिश्ता रखने वाले लोगों की तो नींद गायब है और इस ऐतिहासिक होटल से जुड़ी उनकी यादें कसक में बदल गई हैं। आतंकवादियों के दुस्साहस की जीवंत तस्वीरों, जिन्हें पूरी दुनिया टीवी पर घंटों से देख रही हैं, ने उन्हें भावुक बना दिया है।
मांट्रियल में रहने वाले कारोबारी बलजीत चड्ढा मुंबई से नाता रखते हैं। उनका बचपन इस होटल की छांव में शरारत करते बीता। वह कहते हैं, "बचपन में मैं अपने दोस्तों के साथ इस होटल के पीछे खेला करता था। हम इस होटल की दीवार के पीछे कबाब बनाने वाले बड़े मियां नामक एक बुजुर्ग की दुकान में मौजमस्ती करते हुए कबाब का लुत्फ उठाते थे। आज ताज पर छाए संकट ने मुझे गमगीन कर दिया है।"
चड्ढा बताते हैं कि महज दो सप्ताह पहले ही जब वह मुंबई में थे तो इस होटल के पीछे एक रेस्तरां में अपनी बेटी के साथ खाना खाया था। वैंकूवर में रहने वाले भारतीय मूल के डाक्टर परगट भुर्जिया कहते हैं, "ताज को इस संकट में घिरा देखकर मुझे क्षोभ हो रहा है। ताज मेरा पसंदीदा होटल रहा है।"
वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ नारायण भाटिया कहते हैं, "मुंबई में मेरे परिवार के लोग सुरक्षित हैं। इस घटना के बावजूद मैं 5 दिसंबर को मुंबई जाऊंगा। रही बात ताज की तो उसे कौन भूल सकता है?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मुंबई में आतंकी हमलेः हर पल की खबर












Click it and Unblock the Notifications