आईएसआई प्रमुख को भारत भेजने पर राजी हुआ पाकिस्तान (लीड)
नई दिल्ली/इस्लामाबाद, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई हमले के संदर्भ में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए इंटर सर्विस इंटेलिजेंस(आईएसआई) प्रमुख को भारत भेजने की भारत की मांग पर पाकिस्तान राजी हो गया है।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से फोन पर बातचीत के दौरान आईएसआई प्रमुख को भारत भेजने का निवेदन किया था।
इस्लामाबाद में अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मनमोहन सिंह के निवेदन पर गिलानी आईएसआई प्रमुख को भारत भेजने पर राजी हो गए हैं।
इस तरह यह इतिहास की पहली घटना होगी, जब किसी आतंकी हमले की जांच के संदर्भ में पाकिस्तान का कोई खुफिया प्रमुख भारत आ रहा है।
आईएसआई का नेतृत्व फिलहाल लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शुजा पाशा के हाथों में है। इस पद पर उनकी नियुक्ति सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी ने की थी।
अपने चार दिवसीय भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी विदेशमंत्री शाह महमूद कुरैशी ने आतंकवाद से मुकाबले के लिए दोनों देशों के खुफिया प्रमुखों के बीच एक सीधी हॉटलाइन सेवा शुरू करने की सलाह दी है।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार हमले में शामिल आतंकवादियों के तार पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। ये आतंकवादी कराची से समुद्र के रास्ते मुंबई आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications