गोली ने रोकी उर्मिला की डोली
टीकमगढ़, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में टीकमगढ़ के नयाखेड़ा गांव की निवासी उर्मिला कुशवाहा खुश थीं कि 29 नवंबर को उनके सपनों का राजकुमार बारात लेकर आएगा और उन्हें डोली में बिठा कर अपने साथ ले जाएगा। लेकिन उनका यह सपना 27 नवंबर की शाम को ही टूट कर चकनाचूर हो गया। फिलहाल वह गोली लगने की वजह से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।
पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र का नयाखेड़ा गांव इन दिनों भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के उम्मीदवार सुनील नायक की हत्या को लेकर सुर्खियों में है। इसी घटना के दौरान हुई गोलीबारी में एक गोली उर्मिला को भी जा लगी थी।
उर्मिला के पिता कल्लू कुशवाहा बताते हैं कि घर में पूरी तरह शादी का माहौल था। उर्मिला भी खुश थी। शनिवार को पास के ही गांव लिधौरा से बारात आने वाली थी। गुरुवार की शाम उर्मिला किसी काम से छत पर गई थी। तभी अचानक एक गोली उसके पेट में जा लगी। उर्मिला को झांसी के लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कल्लू कुशवाहा के अनुसार अब यह शादी किसी भी हाल में शनिवार को नहीं हो पाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो बाद में लड़के वालों से चर्चा करके दूसरी तारीख तय की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications