मुंबई हमला : ताज होटल में कमांडो कार्रवाई अंतिम चरण में, 148 की मौत (लीड-4)
मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकी हमले में ओबराय ट्राइडेंट और नरीमन हाउस में पर कमांडो कार्रवाई के बाद कब्जे में ले लिया गया है जबकि ताज होटल में अभियान अंतिम चरण में है। आतंकी हमले में 148 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें आठ विदेशी हैं।
इस बीच सरकार ने कहा है कि बुधवार रात मुंबई के दस स्थानों पर हमला करने वाले आतंकवादी पाकिस्तानी थे। इसमें ताज और ओबराय होटल के अलावा नरीमन हाउस को बंधक बनाने वाले आतंकवादी भी शामिल हैं।
करीब 50 घंटों से चल रहे इस आतंकी खेल में तीनों जगहों से बंधकों को रिहा करा लिया गया है। कार्रवाई में केवल एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया है जिसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में की गई है। हालांकि, इस्लामाबाद ने हमले में किसी भी तरह के हाथ होने से इनकार किया है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के महानिदेशक जे. के. दत्त ने शुक्रवार को कहा कि आतंकवादियों ने नरीमन हाउस में आठ में से पांच बंधकों की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि कंमाडो ने दो आतंकवादियों को मार गिराया।
बंधकों में यहूदी रब्बी गव्रिएल हॉल्जबर्ग (धार्मिक शिक्षक), उनकी पत्नी रिव्का और छह अन्य लोग फंसे हुए थे। उनका दो वर्षीय बेटा और स्टाफ की एक सदस्य बच निकलने में कामयाब रहे। अभी यह पता नहीं चल सका है कि कौन लोग मारे गए हैं।
हाउस को आतंकवादियों से मुक्त कराने में करीब 100 कमांडो लगे हुए थे। इस बीच सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर गए और उत्साह में नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने भीड़ को रोका और बताया कि अभी खतरा टला नहीं है और अभी हाउस के एक मंजिल की जांच की जानी बाकी है।
इधर, एक अप्रत्याशित कदम में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से उनके खुफिया प्रमुख को भारत भेजने को कहा, ताकि इस आतंकवादी हमले के बारे में सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा सके।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि आतंकवादियों का पाकिस्तान से संबंध था, लेकिन उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने हमले की जांच में अमेरिकी खुफिया एजेंसी से सहयोग लेने से इनकार किया।
शुक्रवार को तीनों स्थानों पर कमांडो ने हर मंजिल और हर कमरे की तलाशी लेते हुए कार्रवाई की। इस बीच ताज होटल में कई विस्फोट हुए जिससे वहां आग लग गई।
आतंकवादी हमले के करीब 48 घंटे बाद शुक्रवार शाम विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने माना कि सरकार ने इस तरह के हमले के बारे में कभी नहीं सोचा था।
शुक्रवार को कमांडो ने सबसे पहले ओबराय होटल पर कब्जा किया। गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि वहां पर 24 शव पाए गए। हस तरह वहां मरने वालों की संख्या 30 हो गई है।
उधर, हमले के करीब 36 घंटे बाद शुक्रवार सुबह मुंबई का जनजीवन पटरी पर लौटने लगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications