मुंबई हमला : 'स्काटलैंड यार्ड के जासूस मुंबई में'
न्यूयार्क, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में देश की सुरक्षा एजेंसियों की मदद के लिए ब्रिटेन अपनी खुफिया एजेंसी स्काटलैंड यार्ड के जासूसों को मुंबई भेज चुका है। अमेरिका भी अपने जांचकर्ताओं को मुंबई भेजने की तैयारी में है।
अमेरिकी समाचार चैनल 'सीएनएन' ने खबर दी है कि ब्रिटेन के जासूस भारतीय एजेंसियों की मदद के लिए मुंबई पहुंच चुके हैं। चैनल ने यह नहीं बताया कि कितने ब्रिटिश जासूस इस वक्त मुंबई में मौजूद हैं।
चैनल का यह भी कहना है कि खुफिया जानकारी के मुताबिक मुंबई को निशाना बनाने वाले आतंकवादियों में से एक के पास ब्रिटिश पासपोर्ट है।
उधर, अमेरिका का कहना है कि इस हमले में उसके कम से कम तीन नागरिक हताहत हुए हैं।
गौरतलब है कि बुधवार रात ताजमहल होटल और ओबराय होटल समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 143 लोगों की मौत हो गई और 327 घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications